सहसवान में दबंग पर जमीन कब्जाने व मारपीट के आरोप, ग्रामीणों ने सीओ से लगाई गुहार
बदायूं(जे०आई०न्यूज़) सहसवान बताते सहसवान क्षेत्र के खिरकवारी मानपुर गांव में एक व्यक्ति पर जमीन पर अवैध कब्जा, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को सीओ सहसवान से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि देवेंद्र और उसके साथियों ने पिछले करीब छह माह से 30 से 40 बीघा भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है और उस पर अवैध वसूली की जा रही है। वहीं एक पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी ने घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट की। घटना में घायल परिवार के मुखिया का बरेली के अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ितों का यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
ग्रामीणों ने आरोपी पर शराब तस्करी, विधवा महिलाओं की जमीन पर अवैध कब्जे और ठगी जैसे आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि भय के कारण कई लोग खुलकर शिकायत करने से डर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि वे इससे पहले जिलाधिकारी बदायूँ को भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। मंगलवार को सीओ सहसवान को भी ज्ञापन सौंपा गया। सीओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।