हज-2027 के लिए अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट तैयार रखें: जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी
बदायूं(जे०आई०न्यूज़) जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रणव कुमार पाठक ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा हज-2027 की तैयारियां शुरू करने के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। सऊदी अरब के हज एवं उमराह मंत्रालय तथा भारतीय दूतावास, रियाद से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर हज-2027 की घोषणा शीघ्र किए जाने की संभावना है।
उन्होंने हज-2027 पर जाने के इच्छुक सभी आवेदकों से अपील की है कि वे अपना अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट समय रहते तैयार कर लें। हज आवेदन के लिए केवल मशीन-पठित (Machine Readable) पासपोर्ट ही मान्य होगा, जबकि हस्तलिखित पासपोर्ट स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि हज-2027 के आवेदन हेतु पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होना अनिवार्य है। साथ ही नए पासपोर्ट बनवाते समय यह सुनिश्चित करें कि उसमें सरनेम/लास्ट नेम का कॉलम खाली न हो।
उन्होंने कहा कि जिन आवेदकों के पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध पासपोर्ट उपलब्ध है, वे आवेदन के लिए तैयार रहें। जिनके पास निर्धारित अवधि तक वैध पासपोर्ट नहीं है, वे तत्काल पासपोर्ट कार्यालय में आवेदन कर नया पासपोर्ट बनवा लें, ताकि हज-2027 की घोषणा होते ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन ने सभी इच्छुक हज यात्रियों से समय रहते आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने का अनुरोध किया है।