सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में सभासद एकजुट, पुलिस से की कार्रवाई की मांग
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) सहसवान। बताते चलें नगर पालिका परिषद सहसवान के सभासदों ने सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में रविवार को एकजुट होकर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सभासदों ने "सहसवान का आईना" नाम से संचालित फेसबुक आईडी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग करते हुए थाना प्रभारी को सामूहिक शिकायती पत्र सौंपा।
शिकायती पत्र में सभासदों ने आरोप लगाया कि उक्त फेसबुक आईडी से नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष बाबर मियां सहित सभी वार्ड सभासदों के विरुद्ध लगातार अपमानजनक, अशोभनीय एवं मर्यादाहीन टिप्पणियां और पोस्ट की जा रही हैं। उनका कहना है कि इससे निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की गरिमा को ठेस पहुंच रही है तथा नगर का सामाजिक सौहार्द भी प्रभावित हो रहा है।
सभासदों ने पुलिस से मांग की कि संबंधित फेसबुक पेज एवं उसके संचालक के विरुद्ध साइबर कानून के तहत तत्काल जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर जनप्रतिनिधियों की छवि धूमिल करने का प्रयास न कर सके।
शिकायती पत्र के साथ कथित आपत्तिजनक पोस्टों के स्क्रीनशॉट भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं।
इस दौरान सभासद चन्द्रपाल मौर्य, तहसीन बेगम, मुन्नी देवी, ज़ुफर इक़बाल, मोहम्मद इनाम सहित एक दर्जन से अधिक सभासद मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।