नाबालिग बच्ची को लेकर गंभीर आरोप, पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बरेली (जे.आई.न्यूज़/मलिक सिद्दीकी)। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी तथा पांच वर्षीय नाबालिग बच्ची को लेकर लगाए गए गंभीर आरोपों के मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
थाना क्योलड़िया क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी तहरीर में अपने पति पोशाकी लाल पुत्र मंगली प्रसाद पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। तहरीर में महिला ने अपनी पांच वर्षीय पुत्री के साथ कथित अश्लील हरकत किए जाने तथा बच्ची को बेचने की धमकी दिए जाने के आरोप भी लगाए हैं।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 76, 115(2), 352, 351(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 9/10 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अभिलेख के अनुसार घटनास्थल थाना नवाबगंज क्षेत्र के याकूबपुर में बताया गया है।
इस संबंध में एसएचओ अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।