प्रेमलता राठौर के नेतृत्व में नवाबगंज को मिली बड़ी सौगात, 21 मार्च को स्वर्गीय चेतराम गंगवार पार्क का राज्यपाल करेंगे उद्घाटन
बरेली (जे.आई.न्यूज़): जनपद के नवाबगंज कस्बे में नगर पालिका परिषद नवाबगंज द्वारा पूर्व मंत्री स्वर्गीय चेतराम गंगवार पार्क उद्घाटन एवं प्रतिमा अनावरण का आयोजन शनिवार 21 मार्च को किया जाएगा, जिसके संबंध में आज अध्यक्षा प्रेमलता राठौर एवं उनके पति भाजपा जिला उपाध्यक्ष नीरेन्द्र सिंह राठौर ने प्रेस वार्ता की। पत्रकारों से बातचीत में नीरेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि स्वर्गीय चेतराम गंगवार पार्क को लगभग 30 लाख की लागत से तैयार किया गया है। इस पार्क को नवाबगंज के बीचों-बीच मेन हाईवे पर बनाया गया है। इस पार्क का लाभ नवाबगंज की जनता के साथ ही नवाबगंज आने वाले बाहरी लोग भी उठा पाएंगे। पार्क में बच्चों की खेलने की उचित व्यवस्था, नौजवानों की हेल्थ के लिए जिम का भी निर्माण कराया गया है। पार्क में इंटरलॉकिंग, वृक्षारोपण समेत कई व्यवस्थाओं का भी ध्यान रखा गया है। पार्क में टहलने की भी उचित व्यवस्था की गई है। नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा प्रेमलता राठौर के पति नीरेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि स्वर्गीय चेतराम गंगवार नवाबगंज की धरोहर हैं, वे नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक और मंत्री रहे हैं। नवाबगंज बाईपास पर पार्क की आवश्यकता थी, इस पार्क का नाम पूर्व मंत्री स्वर्गीय चेतराम गंगवार पार्क रखा गया है। स्वर्गीय चेतराम गंगवार पार्क के उद्घाटन व उनकी प्रतिमा का अनावरण झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे, वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर एमपी आर्य एवं भाजपा जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन एवं पर्यावरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉक्टर अरुण कुमार सक्सेना करेंगे। चेयरपर्सन प्रेमलता राठौर ने नवाबगंज की जनता से अपील की है कि 21 मार्च को अधिक से अधिक लोग आएं और कार्यक्रम को सफल बनाएं।