गणेश चतुर्थी पर गूंजा 'गणपति बप्पा मोरया' का जयघोष! भक्ति और उत्साह के साथ किला छावनी में स्थापित हुई गणेश प्रतिमा, जलभराव के बावजूद श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
बरेली। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर बरेली शहर के किला छावनी बाराबिगा क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई। राजेंद्र कश्यप द्वारा गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान 'गणपति बप्पा मोरया' के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं ने प्रथम पूज्य भगवान गणेश को मोदक एवं विभिन्न प्रकार के प्रसाद का भोग लगाकर सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। शाम को आयोजित आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भक्ति भाव के साथ भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर आजाद हिन्दू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित राठौर ने देशवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश सभी के जीवन से विघ्न-बाधाएं दूर करें और देश में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आएं।
गणेश उत्सव को लेकर युवाओं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। राजेंद्र कश्यप ने पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया है। उन्होंने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संरक्षक अनिल पाटिल ने बताया कि किला छावनी बाराबिगा क्षेत्र में जलभराव की स्थिति होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। कठिन परिस्थितियों के बीच भी भक्त भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते रहे।
कार्यक्रम में अंकुर पंडित, भैवव शुक्ला, सागर, दीपू राठौर, विजय कुमार, कौशल मौर्य, राजेश सक्सेना, मनोज मौर्य, शिव कश्यप, पंकज सक्सेना, दीपक सक्सेना, कुणाल मौर्य सहित दर्जनों श्रद्धालु मौजूद रहे।