उत्तर प्रदेश के डीजी कारागार पीसी मीना पहुंचे जौनपुर ! डिस्ट्रिक्ट जेल का महानिदेशक ने किया आकस्मिक निरीक्षण ! समीक्षा बैठक में जेल अफसरों को दिए कड़े दिशा निर्देश
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। डीजी कारागार पीसी मीना ने शुक्रवार को जिला जेल जौनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में महानिदेशक ने कारागार परिसर के साथ ही बैरकों एवं पाकशाला का अवलोकन किया। विभिन्न मामलों के बंदियों से संवाद करते हुए मीना ने बंदियों की समस्यायें जानीं। जेल महकमे के महानिदेशक ने जौनपुर जेल में उपलब्ध सुविधाओं के बाबत जानकारी हासिल कर जिम्मेदार अफसरों को मौके पे ही निर्देश दिए कि बंदियों की समस्यायें समय रहते निस्तारित हों। पाकशाला में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का डीजी ने जायजा लिया। बंदियों को श्रम के एवज में दिए जा रहे पारिश्रमिक के समयबद्ध भुगतान के संदर्भ में भी जानकारी ली। महानिदेशक मीना ने जौनपुर कारागार में स्थापित सुरक्षा उपकरणों का इंस्पेक्शन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूर्ण सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। कारागार की साफ सफाई एवं अन्य बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए जेल की भूमि तथा नवीन जिला कारागार के निर्माण कार्य की मीना ने प्रगति जानी। जेल निरीक्षण के बाद अधिकारियों संग डीजी ने समीक्षा बैठक आयोजित कर महत्त्वपूर्ण बिन्दुओं पे दिशा निर्देश दिए। जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी, प्रभारी जेलर सुभाष चन्द्र पाण्डेय, डिप्टी जेलर नन्द किशोर गौतम समेत अन्य जिम्मेदारों को डीजी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि जेलों की सुरक्षा व्यवस्था में कोई कोताही ना बरतें। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।