25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, सिपाही व आरोपी घायल
बदायूं (जे०आई०न्यूज़ ) बताते चलें थाना इस्लामनगर पुलिस ने डकैती के एक मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की फायरिंग में एक सिपाही घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदायन में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान तस्लीम उर्फ भिखारी उर्फ इमरान उर्फ इरफान पुत्र पुत्तन, निवासी डभौरा, थाना गढ़िया रंगीन, जनपद शाहजहांपुर (हाल पता- छत्रपति स्कूल के पास, थाना क्योलड़िया, बरेली) के रूप में हुई है। वह 16/17 मई 2026 की रात थाना इस्लामनगर क्षेत्र के ग्राम सुंदरनगर में हुई डकैती के मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, डकैती से संबंधित 11,220 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक बिल्सी-इस्लामनगर मार्ग पर चेकिंग के दौरान आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें आरक्षी आस मोहम्मद के दाहिने हाथ में गोली लग गई। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सुंदरनगर गांव के एक घर में डकैती की थी। घर में घुसकर लोहे का बक्सा उठा लिया था और विरोध करने पर महिला को धमकाकर उसके गले से सोने की चेन छीन ली थी। बाद में बक्से से नकदी और जेवरात निकालकर उसे खेत में छोड़ दिया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या, डकैती, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।