गंगा एक्सप्रेसवे हादसे के घायलों से मिले डीएम-एसएसपी, बेहतर उपचार के दिए निर्देश
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) बताते चलें थाना मूसाझाग क्षेत्र के अंतर्गत गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल यात्रियों का हालचाल लेने के लिए जिलाधिकारी बदायूं और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने उपचाराधीन यात्रियों से वार्ता कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए ड्यूटीरत चिकित्सकों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, 10/11 मई 2026 की रात कानपुर से लुधियाना जा रही एक बस का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में कुल 107 यात्री सवार थे। हादसे में छह यात्री घायल हो गए, जबकि एक यात्री अनुज (24 वर्ष) पुत्र श्यामलाल निवासी ग्राम चूल्हा, थाना हदगांव, जनपद फतेहपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मूसाझाग पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। वहीं सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया।
बताया गया कि चार यात्री उपचार के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि दो यात्रियों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। प्रशासनिक अधिकारियों ने घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।