पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ₹2.52 लाख की ठगी के शिकार हुए दो लोगों की रकम मिली वापस।

बदायूं(जे०आई०न्यूज़) बताते चलें साइबर ठगी के दो मामलों में पुलिस ने सफलता हासिल की है। मूसाझाग के प्रभाकर पटेल और बिसौली के वसीर अहमद के साथ हुई ऑनलाइन धोखाधड़ी में पुलिस ने पीड़ितों के पैसे वापस कराए हैं।
आपको बता दें प्रभाकर पटेल से ठगों ने 3.60 लाख रुपए और वसीर अहमद से 90 हजार रुपए की ठगी की थी। साइबर क्राइम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभाकर के 1.80 लाख और वसीर के 72 हजार रुपए को बैंक में होल्ड करवाया। 21 मई 2025 को यह पूरी राशि दोनों पीड़ितों के खातों में वापस करा दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार जनता को जागरूक कर रहे हैं। साइबर क्राइम थाना प्रभारी विनोद कुमार वर्धन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी अनजान व्यक्ति को अपना खाता नंबर, पिन, ओटीपी या सीवीवी नंबर न बताएं। अगर खाते से पैसे की धोखाधड़ी हो तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।