उपजिलाधिकारी के मनमाने कार्य व्यवहार से नाराज अधिवक्ता अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, पत्रावलियों में हेरफेर का आरोप।
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) सहसवान स्थानीय उपजिलाधिकारी के विवादित कार्य व्यवहार और भ्रष्टाचार के विरुद्ध बार एसोसिएशन सहसवान ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र गोपाल सक्सेना और महासचिव सोमवीर सिंह यादव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि उनके न्यायालय में व्याप्त भ्रष्टाचार और मनमानी से वादी-प्रतिवादी परेशान हैं।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि उपजिलाधिकारी का स्थानांतरण हो जाने के बावजूद भी वे अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं ला रहे हैं। अधिवक्ताओं के अनुसार, उपजिलाधिकारी द्वारा पक्षकारों की बहस सुने बिना ही पत्रावलियों पर पिछली तारीखों में मनमाने आदेश पारित किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह से अन्यायपूर्ण और नियमों के विरुद्ध है। इससे अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इससे पहले 13 जुलाई से 16 जुलाई तक सांकेतिक हड़ताल कर उपजिलाधिकारी को अपनी कार्यशैली सुधारने का पूरा मौका दिया गया था। बार-बार आग्रह करने के बावजूद भी उपजिलाधिकारी की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हुआ और वे अधिवक्ताओं की उपेक्षा करते हुए अपने चैंबर में बाहरी व्यक्तियों और विभागीय कर्मचारियों के साथ ही गोपनीय वार्ता में व्यस्त रहे। मजबूरन बार एसोसिएशन को अनिश्चितकालीन हड़ताल जैसा कठोर निर्णय लेना पड़ा है। अब जब तक उनकी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होता, तब तक अधिवक्ता न्यायालय का बहिष्कार जारी रखेंगे।
बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता जितेन्द्र सिंह यादव, श्याम बाबू सक्सेना,रागिव अली, सरफराज अली, आसिम अली, रवीन्द्र नारायण सक्सेना,मुजाहिर अली,असद,अनस, नीरज माहेश्वरी, आदि मौजूद रहे।