नवाबगंज में हर्षोल्लास के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

बरेली (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज़)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नवाबगंज कस्बे में गुरुवार को देशभक्ति के जोश और उत्साह के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री एवं बरेली जनपद के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक डॉक्टर एमपी आर्य ने मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर को तिरंगा एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया तो वही ब्लॉक प्रमुख प्रज्ञा गंगवार, डॉ आशुतोष गंगवार एवं डॉ. मीनाक्षी गंगवार ने भी प्रभारी मंत्री को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

तिरंगा यात्रा के दौरान प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, क्षेत्रीय विधायक डॉ. एमपी आर्य सहित अन्य नेताओं ने देश की आजादी, तिरंगे की गरिमा और राष्ट्रभक्ति पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
श्री कृष्णा इंटर कॉलेज से शुरू हुई यात्रा

भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ नगर स्थित श्री कृष्णा इंटर कॉलेज से हुआ। इसके बाद यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों और विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरी। श्री कृष्णा इंटर कॉलेज, एसएसटी इंटर कॉलेज समेत कई विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। एनसीसी कैडेट्स की मौजूदगी ने भी आयोजन में अनुशासन और देशभक्ति का रंग भर दिया।

यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। तिरंगे हाथों में लिए छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत भी किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन चेयरमैन पति नीरेंद्र सिंह राठौर ने प्रभावशाली और उत्साहपूर्ण अंदाज में किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, कार्यकर्ता और नगर एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
भीषण गर्मी में पेयजल व्यवस्था पर उठे सवाल

देशभक्ति के उत्साह से भरी तिरंगा यात्रा के बीच भीषण गर्मी में पेयजल व्यवस्था को लेकर आयोजकों पर सवाल भी उठे। कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं और दूर-दराज से पहुंचे लोगों को पानी के लिए परेशान होते देखा गया।
लोगों का कहना था कि इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और आम नागरिकों के शामिल होने की जानकारी पहले से थी। ऐसे में भीषण गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी।
पानी की व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी भी दिखाई दी। नगर पालिका बोर्ड के एक सदस्य सहित कई लोगों ने पानी की टंकियों को पलट-पलटकर व्यवस्था की स्थिति देखी और सवाल उठाए। लोगों ने कहा कि देशभक्ति से जुड़े इतने बड़े आयोजन में विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए था।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
कार्यक्रम में अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्षा श्रुति गंगवार, क्षेत्रीय विधायक डॉ. एमपी आर्य, मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा, एमएलसी बहोरनलाल मौर्य, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, नवाबगंज ब्लॉक प्रमुख प्रज्ञा गंगवार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. आशुतोष गंगवार, भदपुरा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रवि शंकर गंगवार, शेरगढ़ ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र कुर्मी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद दिवाकर, भाजपा नेता नंदकिशोर श्रीवास्तव, श्रम सलाहकार बोर्ड सदस्य भुजेंद्र गंगवार, व्यापारी नेता विनोद गुप्ता, लेखराज गंगवार, भाजपा नेता विशाल गंगवार, भाजपा नेता श्याम रस्तोगी, विजय दिवाकर, डॉ. पूजा गंगवार, प्रदीप सूरी, दीपक सूरी समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं नगर व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
भव्य तिरंगा यात्रा में जहां हजारों छात्र-छात्राओं का राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत उत्साह देखने को मिला, वहीं भीषण गर्मी के बीच पेयजल व्यवस्था की कमी ने आयोजन की तैयारियों पर सवाल भी खड़े कर दिए। लोगों का कहना है कि भविष्य में ऐसे बड़े आयोजनों में गर्मी और भीड़ को ध्यान में रखते हुए पेयजल समेत मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए। (अजय रस्तोगी)