डीजी जेल पीसी मीना ने लखनऊ जिला जेल में रेडियो परवाज का किया आगाज ! यूपी की जेलों में लगातार जारी हैं सुधारात्मक कदम ! पेशेवर अपराधियों व कुख्यात माफियाओं पर सख्ती में कोई ढिलाई नहीं
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। उत्तर प्रदेश की लखनऊ जिला जेल में बन्दियों के सुधार की दिशा में आयोजित विशेष कार्यक्रम रेडियो परवाज के अवसर पे सूबे के डीजी कारागार पीसी मीना ने कहा है कि प्रदेश सरकार के कुशल निर्देशन में देश के सबसे बड़े राज्य यूपी में जेलों में लगातार सुधारात्मक कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं। जेलों के अंदर पेशेवर अपराधियों और माफियाओं पर सख्ती बरती जा रही है। अपराधों से तौबा कर समाज की मुख्य धारा से जुड़ने वाले अपराधियों को सुधरने का मौका भी दिया जा रहा है। बुधवार को डीजी जेल ने विशेष कार्यक्रम रेडियो परवाज का विधिवत शुभारंभ किया। जनपद कारागार लखनऊ परिसर में रेडियो परवाज सेवा का शुभारम्भ इंडिया विजन फाउंडेशन, फिक्की फ्लो लखनऊ संस्था के सौजन्य से किया गया है।रेडियो परवाज के जरिये कारागार में निरूद्ध बन्दियों को मानसिक सकारात्मकता एवं रचनात्मक अभिरुचियों के बाबत प्रोत्साहन और कई महत्वपूर्ण व ज्ञानवर्धक जानकारियाँ प्राप्त हो सकेंगी। इस अवसर पे इंडिया विजन फाउंडेशन की डायरेक्टर मोनिका धवन, प्रिजन हेड रवि कुमार श्रीवास्तव व प्रोजेक्ट कोर्डिनेटर गोविन्द सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में फिक्की फलो की चेयरपर्सन सिमरन, वाइस चेयरपर्सन निवेदिता सिंह, फाउंडर चेयर ज्योत्सना हबीबुल्लाह एवं उनकी टीम मौजूद रही। मोनिका धवन ने जानकारी दी कि रेडियो परवाज के जरिये 350 कैप्सूल ब्रॉडकास्ट किये जाने हैं। प्रत्येक कैप्सूल में प्रेरणादायी कहानियाँ, गीत-संगीत, विशेष कार्यक्रम तथा सामान्य ज्ञान से संबंधित उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक विषयवस्तु सम्मिलित की गयी है। महानिदेशक कारागार पीसी मीना ने आयोजन की सराहना करते हुए भरोसा जताया है कि रेडियो परवाज बन्दियों के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच एवं रचनात्मक परिवर्तन का माध्यम बनेगा। वरिष्ठ अधीक्षक आरके जायसवाल ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। इस बीच, महानिदेशक कारागार पीसी मीना ने महिला बैरक में निरुद्ध महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्यायें जानीं। महिला बंदियों से उनकी विभिन्न आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए डीजी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। महिला बैरक में अपनी माताओं के साथ रह रहे बच्चों को स्नेहस्वरूप फल वितरित किये गये। प्रोग्राम में जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी, राजेश कुमार, सुनील दत्त मिश्र, अभय कुमार शुक्ल आदि जिम्मेदार मौजूद रहे। हाल ही में डीजीपी राजीव कृष्ण व डीजी जेल पीसी मीना समेत जेल महकमे के सम्बंधित जिम्मेदारों संग कारागार विभाग की समीक्षा के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने साफतौर पे कहा कि जेलों में सुधारात्मक कदम लगातार उठाये जाने चाहिए। मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि यूपी की जेलें पेशेवर अपराधियों, माफियाओं के लिए होनी चाहिए। छोटे अपराधियों के लिए ओपन जेलें बेहतर रहेंगी। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।