डीजी पीसी मीना संग बंदी मानवाधिकार संरक्षण व कल्याण विषय पे NHRC विशेष प्रतिवेदक उपेंद्र सिंह बघेल की खास मीटिंग में कई बिन्दुओं पर हुई चर्चा ! यूपी की जेलों में सकारात्मक प्रयासों की हुई सराहना
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। सोमवार में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष प्रतिवेदक उपेन्द्र सिंह बघेल ने उत्तर प्रदेश के डीजी जेल पीसी मीना संग कारागारों में निरुद्ध बंदियों के मानवाधिकार संरक्षण एवं कल्याण के बाबत महत्त्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में उपेन्द्र सिंह बघेल ने कहा कि कारागारों में निरुद्ध बंदियों के साथ गरिमा, सम्मान एवं मानवीय संवेदनशीलता पूर्ण व्यवहार किया जाना सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण है। बघेल ने उत्तर प्रदेश की कारागारों में बंदियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किए जाने के प्रयासों की सराहना की है। कारागारों की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करने में सीसीटीवी प्रणाली की भूमिका की भी प्रशंसा की है। इस बेहद खास बैठक में बंदियों के मानवाधिकारों के संरक्षण, उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति तथा कारागारों को अधिक सुरक्षित, संवेदनशील एवं सुधारोन्मुख बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार विमर्श किया गया। डीजी जेल पीसी मीना के कुशल निर्देशन में डीआईजी कारागार प्रदीप गुप्ता ने प्रस्तुतीकरण के जरिये प्रदेश की कारागारों में बंदियों के स्वास्थ्य, कौशल विकास, मानसिक स्वास्थ्य, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं तथा उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। प्रस्तुतीकरण में महिला बंदियों, उनके साथ रह रहे बच्चों, वृद्ध एवं दिव्यांग बंदियों की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही व्यवस्थाओं तथा उनके समुचित संरक्षण एवं देखभाल पर विशेष प्रकाश डाला गया। साथ ही कारागारों में बंदियों के मानवाधिकारों की रक्षा, सम्मानजनक जीवन, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं पुनर्वासोन्मुखी गतिविधियों के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ अधीक्षक रंग बहादुर पटेल सहित कारागार विभाग के अन्य जिम्मेदार मीटिंग में मौजूद रहे। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।