शादी से लौट रहे दंपति के साथ लूट की कहानी निकली झूठी, पुलिस जांच में हुआ खुलासा
बदायूं(जे०आई०न्यूज़) थाना बिसौली क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे दंपति के साथ कथित लूट की घटना पुलिस जांच में पूरी तरह से झूठी साबित हुई है। इस मामले में वादी द्वारा दर्ज कराई गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने पहले मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन गहन पड़ताल में सच्चाई कुछ और ही सामने आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 मई 2026 को रोहित पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम हर्रायपुर, थाना बिसौली ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 3/4 मई की रात करीब 1 बजे आंवला रोड पर तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल को रोककर उनसे और उनकी पत्नी से सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए।
हालांकि, पुलिस को शुरुआत से ही मामला संदिग्ध लगा, क्योंकि घटना के तुरंत बाद न तो डायल 112 पर सूचना दी गई और न ही स्थानीय थाने को अवगत कराया गया। इसके बावजूद पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और टीमों का गठन किया।
जांच के दौरान जब पुलिस ने वादी और उसकी पत्नी से सख्ती से पूछताछ की, तो दोनों ने सच्चाई कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई थी, जिससे आभूषण खो गए। बाद में कुछ लोगों के कहने पर उन्होंने झूठी लूट की कहानी बनाकर मुकदमा दर्ज करा दिया।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के निरीक्षण, बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह मामला पूरी तरह असत्य पाया गया है। अब पुलिस इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।