मटकुली गांव में चला सघन विद्युत चेकिंग अभियान, अवैध कनेक्शनों पर विभाग सख्त
बदायूं(जे०आई०न्यूज़) बताते चलें मटकुली गांव स्थित मुजरिया उपकेंद्र क्षेत्र में शनिवार को विद्युत विभाग द्वारा सघन विद्युत चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 40 मकानों की जांच की गई, जिनमें केवल 12 घरों में ही वैध विद्युत संयोजन पाए गए। शेष उपभोक्ताओं को तत्काल नए कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित किया गया।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने उपभोक्ताओं के विद्युत भार (लोड) की जांच कर आवश्यकता अनुसार लोड वृद्धि एवं मीटर स्थापना की कार्रवाई भी कराई। ग्रामीणों ने विभाग को आश्वासन दिया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी परिवार वैध विद्युत संयोजन प्राप्त कर लेंगे।
जांच में यह भी सामने आया कि गांव में पूर्व से बिछी विद्युत केबल तेज आंधी और तूफान के कारण जर्जर हो चुकी है। इसके चलते ग्रामीण अस्थायी रूप से बल्लियों के सहारे विद्युत लाइन संचालित कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अवर अभियंता को तत्काल तीन नए विद्युत पोल स्थापित कराने तथा जर्जर केबल बदलने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गांव में सुरक्षित एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।