डीएम ने तहसील का निरीक्षण कर,व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिये आवश्यक निर्देश।
जगत पाल यादव
बदायूँ (जे.आई.न्यूज) आज दिनांक 17 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी अवनीश राय ने तहसील सहसवान का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव तथा न्यायिक कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में संचालित कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए तथा रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितैषी बनाया जाए, जिससे आमजन को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार न्यायालयों का निरीक्षण कर लंबित वादों की स्थिति की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न अनुभागों का भ्रमण कर कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य निष्पादन एवं अभिलेखों की अद्यतन स्थिति की जांच की। रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने दस्तावेजों को गहनता से परखा और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने सेवानिवृत्त कार्मिकों के देयों के भुगतान की स्थिति की समीक्षा की तथा सर्विस बुक सहित सेवाकाल संबंधी अभिलेखों की जांच की। उन्होंने कहा कि कार्मिकों के देयों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के समय सहसवान उपजिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।