यूपी के बरेली शहर में रामबारात से पहले एसपी सिटी मानुष पारीक की अगुवाई में फ्लैग मार्च ! संवेदनशील इलाकों पे पैनी नजर ! असामाजिक तत्वों के खिलाफ बगैर देरी हो कार्रवाई
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। होली, रमजान व ईद सकुशल निपटाने को पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकस है। होली से पहले उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में निकलने वाले रामबारात जुलूस की संवेदनशीलता के चलते बुधवार शाम एसपी सिटी मानुष पारीक एक्टिवमोड में दिखे। शहर पुलिस कप्तान मानुष पारीक ने फोर्स संग संवेदनशील शहरी क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। रामबारात जुलूस रुट चेक किया गया। आईपीएस मानुष पारीक ने इलाकाई सीओ, एसएचओ और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने इलाकों में होलिका दहन स्थलों की पूर्ण निगरानी करें। संवेदनशील क्षेत्रों पे सीसीटीवी कैमरों के जरिये नजर रखें। होली से पहले कहीं कोई विवाद सामने आये तो तत्काल निस्तारित करें। असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर कड़ाई से कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की 24 घंटे निगरानी हो। फ्लैग मार्च के दौरान एसपी पारीक ने पब्लिक के लोगों से सीधा संवाद कायम किया। लोगों से अपील की गई है कि आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनायें। एसपी सिटी के फ्लैग मार्च से एक दिन पहले डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य ने जिला स्तरीय पीस कमेटी मीटिंग में होली के बाबत विस्तृत दिशा निर्देश दिए थे। एसएसपी अनुराग आर्य गूगल मीट मीटिंग के माध्यम से मातहत अधिकारियों को होली आदि त्योहारों के संदर्भ में निर्देशित कर चुके हैं। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।