ऊँची उड़ान पे 'वर्चस्व' : पूर्वांचल के कुख्यात माफिया श्रीप्रकाश शुक्ला को यमराज के पास भेजने वाले पूर्व आईपीएस अफसर राजेश पांडेय सोशल मीडिया पर छाए ! मुख्यमंत्री योगी ने दी पूर्व आईजी को बधाई ! वर्चस्व को राजभाषा गौरव पुरस्कार प्रदान किया है गृहमंत्री अमित शाह ने
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। बड़े बड़े सियासी सूरमाओं का संरक्षण पाये पूर्वांचल के कुख्यात माफिया श्रीप्रकाश शुक्ला का एनकाउंटर कर आतंक का एक अध्याय खत्म करने वाले यूपी एसटीएफ के संस्थापक सदस्य पूर्व आईपीएस अफसर राजेश पांडेय इन दिनों सोशल मीडिया पे छाये हुए हैं। हाल ही में राजेश पाण्डेय की लिखी पुस्तक वर्चस्व को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजभाषा गौरव पुरस्कार 2024 से नवाजा है। दंगों के लिए चर्चित अलीगढ़, बरेली, लखनऊ आदि संवेदनशील क्षेत्रों में तैनाती के दौरान बेहतर पारी खेलने वाले राजेश पांडेय को उनकी खास कृति वर्चस्व के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पे खूब बधाईयाँ, शुभकामनायें मिल रही हैं। यूपी के विभिन्न जिलों की सफल कप्तानी कर चुके राजेश पांडेय की पुस्तक वर्चस्व के लिए उत्तर प्रदेश के फायर ब्रांड सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी शुभकामनायें दी हैं। मुख्यमंत्री आवास पर राजेश पांडेय से भेंट करते हुए सीएम योगी ने उनकी कृति वर्चस्व को सराहा। आईजी बरेली रहते कोरोना काल में वर्चस्व को लिखने वाले राजेश पांडेय ने डीजीपी राजीव कृष्ण को भी वर्चस्व भेंट की। यूपीडा के नोडल सुरक्षा अधिकारी व अलीगंज लखनऊ स्थित श्रीमहावीर मंदिर ट्रस्ट के सचिव राजेश पांडेय किस्सागोई को लेकर भी इंटरनेट मीडिया पे चर्चा में बने रहते हैं। दुर्दान्त श्रीप्रकाश शुक्ला की तमाम जरायम स्टोरी व एसटीएफ गठन पर केंद्रित वर्चस्व जैसी बड़ी कृति के लिए राजेश पांडेय को पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह के साथ ही डेढ़ लाख रूपये कैश गृह मंत्री भारत अमित शाह ने प्रदान किया। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, आईपीएस, आईएएस अफसरों, राजनेताओं, मीडिया कर्मियों ने पूर्व आईपीएस अफसर राजेश पांडेय को वर्चस्व की सफलता के लिए बधाईयाँ दी हैं। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।