बाइक से बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, दूसरा घायल
संभल (जे.आई. न्यूज़): जनपद संभल के थाना जुनावई क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत घोंसली अनुरुद्ध निवासी तेजपाल (30 वर्ष) अपनी बहन के घर सलेमपुर जा रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास स्थित पुलिया पर सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
आरोप है कि दूसरी बाइक पर सवार राजेश व दिनेश, निवासी ग्राम व थाना जरीफनगर, जनपद बदायूं, कथित रूप से शराब के नशे में थे और अनियंत्रित होकर तेजपाल की बाइक से टकरा गए।
हादसे के बाद घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गुन्नौर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तेजपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल का उपचार जारी है।
मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। परिवार पहले ही एक बड़े सदमे से गुजर चुका है, क्योंकि सबसे छोटे भाई की लगभग 10 वर्ष पूर्व दिल्ली में मृत्यु हो चुकी थी।
तेजपाल अपने पीछे पत्नी शकुंतला (30 वर्ष), बेटा कुमारपाल (7 वर्ष), बेटा राहुल (5 वर्ष), पुत्री सर्वेश (6 वर्ष) एवं हिमांशी (4 वर्ष) को छोड़ गया है।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।