झारखंड गर्वनर संतोष कुमार गंगवार ने किया स्वर्गीय चेतराम गंगवार पार्क का लोकार्पण व प्रतिमा अनावरण
बरेली (जे.आई.न्यूज़): जनपद के नवाबगंज कस्बे में स्वर्गीय चेतराम गंगवार पार्क का लोकार्पण एवं उनकी प्रतिमा का अनावरण शनिवार को भव्य कार्यक्रम के बीच सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में राज्यपाल श्री गंगवार ने कहा कि स्वर्गीय चेतराम गंगवार ने नवाबगंज से कई बार विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री पद पर रहते हुए क्षेत्र के विकास एवं समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि समाज के लिए कार्य करने वाले व्यक्तियों को हमेशा याद रखा जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा प्रेमलता राठौर एवं उनके पति नीरेंद्र सिंह राठौर की सक्रियता की सराहना करते हुए पार्क के लोकार्पण और प्रतिमा अनावरण के लिए विशेष रूप से बधाई दी।
राज्यपाल ने बरेली की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें यहां की जनता से हमेशा अपार प्रेम और स्नेह मिला है। उन्होंने कहा कि बरेली उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि दोनों है, और जनता ने उन्हें 8 बार लोकसभा सांसद के रूप में चुनकर जो सम्मान दिया, उसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि समाज सेवा के लिए किसी पद की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि हर व्यक्ति अपने स्तर पर समाज के लिए योगदान दे सकता है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. एमपी आर्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना के प्रतिनिधि एडवोकेट अनिल कुमार सक्सेना, भाजपा जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्षा श्रुति गंगवार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. आशुतोष गंगवार, भदपुरा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रवि शंकर गंगवार, चंद्रपाल गंगवार (मुन्ना बाबू), बाल श्रम सलाहकार बोर्ड के सदस्य भुजेंद्र गंगवार (राजा बाबू), सत्येंद्र गंगवार (कपिल), नगर पालिका परिषद अध्यक्षा प्रेमलता राठौर, जिला उपाध्यक्ष भाजपा नीरेंद्र सिंह राठौर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र गंगवार (पिंटू) सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।