भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत तीन पर छेड़छाड़ व गला दबाने का मुकदमा
बरेली (जे.आई.न्यूज़/अजय रस्तोगी): जनपद के नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव की आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं गन्ना डायरेक्टर खेमकरन उर्फ गनेश समेत तीन लोगों पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट, गला दबाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत खेमकरन उर्फ गनेश, पुरुषोत्तम और प्रताप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक 18 सितंबर की रात करीब नौ बजे वह अपने घर पर थी। आरोप है कि इसी दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष खेमकरन उर्फ गनेश घर में घुस आया और उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने धमकी दी। पीड़िता के शोर मचाने पर दूसरे कमरे में सो रहे उसके बेटे-बेटी जाग गए और शोर मचाया। ग्रामीणों के आने की आहट पर आरोपी मौके से चला गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद खेमकरन उर्फ गनेश अपने दो साथियों पुरुषोत्तम और प्रताप के साथ दोबारा घर में घुस आया। पीड़िता का आरोप है कि तीनों ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए। शोर सुनकर बचाने पहुंचे उसके जेठ चंद्रसेन के साथ भी आरोपियों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप है।
पीड़िता के अनुसार उसकी पुत्री ने घटना से संबंधित कुछ वीडियो भी बनाए हैं। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता कोतवाली पहुंची और तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।