धौलाना घटना को लेकर सीएम की कड़ी नाराजगी ! पुलिस लापरवाही पे डीआईजी कलानिधि नैथानी एक्शनमोड में ! एडिशनल एसपी और सीओ का स्पष्टीकरण तलब ! समीक्षा बैठकों में सतर्कता के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जुलूस रुट के घरों की छतों पर नहीं चला सर्च ऑपरेशन
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। धौलाना पथराव प्रकरण में पुलिस लापरवाही पे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ी नाराजगी जतायी है। विभिन्न जुलूसों, शोभायात्राओं को लेकर पहले से जारी दिशा निर्देशों की अनदेखी पर सीएम का पारा चढ़ गया है। सीएम आवास सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उपद्रवियों पर कड़ा एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति भविष्य में कदापि न हो। पुलिस लापरवाही पे डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने हापुड़ के एडिशनल एसपी विनीत भटनागर और सीओ पिलखुआ अनीता चौहान का स्पष्टीकरण तलब किया है। जनपद हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र में महाराणा प्रताप जयंती के दौरान शनिवार में देहरा विवाद के दौरान पथराव जैसी बड़ी घटना घटित हुई। पुलिस लापरवाही का आलम यह रहा कि शोभायात्रा रूट पर पड़ने वाले इलाकों में घरों की छतों पे सर्च ऑपरेशन तक नहीं चलाया गया। पथराव की घटना ने साफ कर दिया कि जुलूस रूट पर पड़ने वाले घरों की छतों पे पहले से ईंट पत्थर जमा थे। पथराव के बाद उत्पन्न हुई कानून व्यवस्था की समस्या के मौके पर भी पुलिस सक्रियता फ्लॉप रही। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने एडिशनल एसपी और सर्किल सीओ का स्पष्टीकरण तलब करते हुए कहा है कि अपराध समीक्षा गोष्ठी से लेकर पत्राचार के जरिये महाराणा प्रताप जयंती दिवस पे समुचित सतर्कता बरतने के स्पष्ट आदेश दिए गए थे, बावजूद घटना किन परिस्थितियों में घटी? इस बाबत नैथानी ने विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है। डीआईजी ने हापुड़ पुलिस को भविष्य में सभी तरह के कानून व्यवस्था संबंधी आयोजनों में बेहद सतर्कता बरतने की हिदायत भी दी है। रेंज पुलिस प्रमुख ने कहा है कि शांति समिति की बैठकें जब भी हों तो उनमें सही बात रखने वाले लोगों को जरूर आमंत्रित किया जाए। शांति समिति की बैठकें औपचारिकता मात्र ना रहें, ताकि संभावित कानून व्यवस्था संबंधी समस्याओं का पहले से ही सटीक आकलन किया जा सके। पथराव करने वाले कुछ उपद्रवियों को डीआईजी की कड़ी मॉनिटरिंग में अरेस्ट किया गया है। कई संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं, उनसे पूछताछ जारी है। पथराव की घटना के बाद एडीजी मेरठ जोन भानू भास्कर और डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी जैसे आला अफसर कल घटनास्थल पर पहुंचे थे। पूरे मामले की गहनता से पड़ताल की थी। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।