नवाबगंज में संपूर्ण समाधान दिवस: 230 शिकायतें दर्ज, राजस्व विभाग पर डीएम सख्त, एक लेखपाल के विरुद्ध विभागीय जांच के निर्देश
बरेली (जे.आई.न्यूज़/अजय रस्तोगी):
जनपद के नवाबगंज तहसील सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी और कुल लगभग 230 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं, जिनमें जमीनी विवाद, चक मार्ग पर कब्जा और दबंगों द्वारा भूमि कब्जे जैसे मामले प्रमुख रहे। इसके अलावा स्मार्ट मीटर को लेकर भी कई शिकायतें सामने आईं, जबकि पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें अपेक्षाकृत कम रहीं।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जमकर फटकार लगाई। उन्होंने लापरवाही बरतने पर राजस्व निरीक्षक धर्मेंद्र सागर के विरुद्ध विभागीय जांच के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को अधिक से अधिक समय क्षेत्र में बिताने और शिकायतों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के गलत निस्तारण पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसी दौरान क्षेत्र के देवरनियां प्रसादीलाल निवासी भजन लाल अपनी 15 वर्षीय पुत्री हर्षिका के साथ जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी जन्म से ही हृदय रोग (दिल में छेद) से पीड़ित थी और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण ऑपरेशन कराना संभव नहीं था। इस पर जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से डेढ़ लाख रुपये की सहायता दिलाई, जिससे लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में सफलतापूर्वक ऑपरेशन कराया जा सका। अब बच्ची स्वस्थ है, जिसके लिए परिजन डीएम का धन्यवाद करने पहुंचे। जिलाधिकारी के इस मानवीय पहल की सभी ने सराहना की।

इस अवसर पर एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र, एसडीएम निधि शुक्ला, सीएमओ विश्राम सिंह, तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार शोभित चौधरी, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।