राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू यूपी दौरे पर : बरेली में गवर्नर व सीएम ने किया स्वागत ! आईवीआरआई के 576 मेधावियों को महामहिम ने उपाधि-पदक देकर किया सम्मानित ! प्रिवेंशन इज बेटर देन केयर जैसी कहावत पशुओं के स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी : राष्ट्रपति

लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। भारत गणराज्य की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को यूपी पहुंचीं। महामहिम गोरखपुर व बरेली के दौरे पर हैं। बरेली में आईवीआरआई के ग्यारहवें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लेने पहुंचीं। इस मौके पर राष्ट्रपति ने दीक्षांत समारोह में 576 मेधावियों को उपाधि व पदक देकर सम्मानित किया। गवर्नर यूपी आनंदी बेन पटेल व सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश आगमन पर महामहिम का स्वागत किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी मेधावियों को उपाधि, पदक पाने की बधाई देते हुए कहा है कि 135 वर्ष की अपनी यात्रा में आईवीआरआई संस्थान ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। बीमारियों की रोकथाम को टीकाकरण बेहद जरूरी है। इस दिशा में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत संस्थान ने कई टीके विकसित किये। संस्थान लगातार कार्य कर रहा है। आगे भी इसी संजीदगी से काम करने की जरूरत है। राष्ट्रपति ने कहा कि हम जिस संस्कृति से आते हैं, वहां सभी जीव जंतुओं में ईश्वर की उपस्थिति देखी जाती है। प्रिवेंशन इज बेटर देन केयर कहावत पशुओं के स्वास्थ्य के लिए भी है। बेजुबान पशुओं के कल्याण की भावना रखते हुए संस्थान के सभी शोधकर्ता, चिकित्सक अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। राष्ट्रपति ने कहा कि मैं जिस परिवेश से आती हूँ, वह प्रकृति के बहुत निकट है। पशु और मानव का एक परिवार का रिश्ता है। जब देश में टेक्नोलॉजी का साधन नहीं था, तब किसान बिना पशुओं के आगे नहीं बढ़ सकते थे। हम पशुओं के बिना जिंदगी सोच भी नहीं सकते थे। गिद्ध समेत तमाम प्रजातियों के जीव जंतुओं के विलुप्त होने पर बेहद चिंता व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए जीव जंतुओं का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि रासायनिक दवाओं के अत्यधिक प्रयोग से ऐसा लगता है कि हमारे कई प्रजातियों के जीव जंतु विलुप्त हो रहे हैं। विलुप्त होते जीव जंतुओं के संरक्षण को जरूरी है कि ऐसी दवायें प्रतिबंधित हों और इस दिशा में संस्थान सकारात्मक कदम उठा रही है। गवर्नर यूपी आनंदी बेन पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चिंतन है कि देश के अंदर जितनी भी यूनिवर्सिटी हैं, वहां क्वालिटी एजुकेशन और रिसर्च हों। मेधावियों को बधाई देते हुए यूपी गवर्नर ने कहा कि प्रतिभा का सम्मान होना ही चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सभी मेधावियों को उपाधि, पदक पाने की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आईवीआरआई ने ना सिर्फ जीव जंतुओं के क्षेत्र में अपितु कोरोना कल में मानव कल्याण में सार्थक कदम उठाकर देश की सेवा की जो अपने आप में बेहद सराहनीय है। अन्नदाता किसानों की मदद करने का काम भी आईवीआरआई संस्थान ने किया है। लंपी वायरस की वैक्सीन बनाने के लिए भी आईवीआरआई संस्थान की मुख्यमंत्री योगी ने सराहना की है। समारोह में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने भारत के भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के वक्तव्य का जिक्र किया तो वहीं बरेली की पौराणिक पहचान की भी चर्चा की। यूपी राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान, गवर्नर झारखण्ड संतोष गंगवार समेत कई अन्य वीआईपी राष्ट्रपति के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान बरेली में कड़े सुरक्षा बन्दोबस्त रहे। एडीजी रमित शर्मा, मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, डीआईजी अजय साहनी, डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य पूरी व्यवस्था पे नजर बनाये रहे। एसपी सिटी आईपीएस मानुष पारीक, एसपी सॉउथ आईपीएस अंशिका वर्मा के अलावा बाहर से भेजे गए कई अफसर सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए रुट डायवर्जन रहा। खुफिया जिम्मेदारों को फुल अलर्टमोड पे रखा गया। किसी भी परिस्थिति से निपटने को फोर्स रिजर्व में रखा गया। बरेली के बाद राष्ट्रपति गोरखपुर प्रोग्राम में हिस्सा लेंगी। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।