SDM के आदेश पर सेवा हॉस्पिटल सील, पंजीकरण न दिखाने पर हुई कार्रवाई।
बदायूं (जे.आई.न्यूज़): जनपद के नगर सहसवान में हरदत्तपुर रोड स्थित सेवा हॉस्पिटल के खिलाफ तहसील प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर बड़ी कार्रवाई की है। उपजिलाधिकारी सहसवान के सीधे निर्देश और मंगलवार को इस अस्पताल को सील कर दिया हैं । इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है और कई संचालक अपने-अपने अस्पतालों पर ताला लगाकर मौके से खिसक गए हैं।
सेवा हॉस्पिटल के संचालक द्वारा पंजीकरण न दिखाए जाने को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी ने तत्काल अस्पताल को सील करने का आदेश जारी कर दिया। इस निर्देश के अनुपालन में नायब तहसीलदार मोहित कुमार और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान के एमओआईसी डॉ. प्रशांत त्यागी, कृष्ण बल्लभ चतुर्वेदी व सैय्यद अशफाक हुसैन की उपस्थिति में टीम ने मौके पर पहुंचकर सेवा हॉस्पिटल की सीलिंग की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की। इस बड़ी कार्रवाई की खबर फैलते ही नगर के अन्य अवैध क्लीनिक और अस्पताल संचालक कानूनी कार्रवाई के डर से अपने संस्थानों पर ताला जड़कर फरार हो गए हैं। तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।