अमान्य विद्यालय बंद कराने पहुंची टीम से अभद्रता व धमकी का आरोप, मुकदमा दर्ज
सम्भल/बहजोई (जे.आई.न्यूज़/दिनेश कुमार): जनपद सम्भल में अमान्य विद्यालयों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों को धमकी देने के आरोप में थाना बहजोई में मुकदमा दर्ज किया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी बहजोई एम.एल. पटेल की तहरीर पर पुलिस ने इन्द्रप्रकाश वाल्मीकि निवासी ग्राम आनंदपुर के विरुद्ध एफआईआर संख्या 0459/2026 दर्ज की है।
तहरीर के अनुसार, 09 सितम्बर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा के साथ गठित निरीक्षण टीम ग्राम आनंदपुर पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान दो निजी विद्यालय बिना मान्यता के संचालित पाए गए। इनमें नर्सरी से इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं संचालित होने की बात सामने आई। एक विद्यालय मंदिर की धर्मशाला में, जबकि दूसरा श्री नरायन सिंह पुत्र राम सिंह के घर में संचालित पाया गया।
टीम द्वारा दोनों अमान्य विद्यालयों को बंद कराने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान नरायन सिंह के घर में संचालित विद्यालय में मौजूद करीब 150 बच्चों और स्टाफ को समझाकर सुरक्षित घर भेजा जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान इन्द्रप्रकाश वाल्मीकि मौके पर पहुंचे और विद्यालय बंद कराने की कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों से अभद्रता की तथा धमकी दी। तहरीर में सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले में थाना बहजोई पुलिस ने बीएनएस की धारा 221 एवं 224 के तहत मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक महेश बाबू शर्मा को विवेचना सौंपी है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।