बेहतर कार्य करने वाले 10 चौकी इंचार्जों को एसएसपी ने किया सम्मानित
बरेली (जे. आई.न्यूज़/फिरोज अहमद): पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी तथा जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से बरेली पुलिस के उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 चौकी इंचार्जों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने सम्मानित किया। अप्रैल 2026 के कार्य प्रदर्शन के आधार पर चयनित चौकी प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
एसएसपी द्वारा जारी रैंकिंग में बारादरी थाना क्षेत्र की जोगीनवादा चौकी के प्रभारी कुशलपाल सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। दूसरे स्थान पर सेंथल चौकी के प्रभारी सतेन्द्र कुमार तथा तीसरे स्थान पर मुड़िया चौकी के प्रभारी राजू कुमार रहे।
सम्मानित होने वाले अन्य चौकी प्रभारियों में टांडा छंगा चौकी (शीशगढ़) के प्रभारी देवेन्द्र कुमार राठी, कांकरटोला चौकी (बारादरी) के प्रभारी जावेद अख्तर, बैरियर-02 चौकी (इज्जतनगर) के प्रभारी मोहित कुमार, बल्लिया चौकी (भमोरा) के प्रभारी शैलेन्द्र सिंह, मॉडल टाउन चौकी (बारादरी) के प्रभारी जितेन्द्र कुमार, सिविल लाइन चौकी (कोतवाली) की प्रभारी कोमल कुण्डू तथा कताई मिल चौकी (बहेड़ी) के प्रभारी रजनीश कुमार शामिल हैं।
इस अवसर पर एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना विभाग की प्राथमिकता है। इससे पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है और आम जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया।