राम नवमी पर भव्य श्री राम बारात, जय श्री राम के जयघोष से गूंजा नवाबगंज
नवाबगंज (बरेली): मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के पावन जन्मोत्सव रामनवमी के अवसर पर नगर में भव्य श्री राम बारात का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ किया गया। बारात में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा क्षेत्र “जय श्री राम” के जयघोष से गूंज उठा।
बारात की सबसे खास आकर्षण मनमोहक झांकियां रहीं, जिनमें भगवान श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के साथ-साथ श्री राधा-कृष्ण, मां काली के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। इन झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और हर कोई उनकी भव्यता और सुंदरता की सराहना करता नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. एम.पी. आर्य ने किया। इस अवसर पर अर्बन कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष श्रुति गंगवार, नगर पालिका अध्यक्षा के पति नीरेंद्र सिंह राठौर, श्री रामलीला समिति के अध्यक्ष रविंद्र गंगवार, बाल श्रम बोर्ड के सदस्य भुजेंद्र गंगवार, जिला मंत्री डॉ. मीनाक्षी गंगवार समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त प्रेम बाबू गंगवार, सौरभ कटियार, श्री देवेश देवल, महेंद्र गंगवार, उपेंद्र गंगवार, सभासद राजकुमार गुप्ता, राम धुन गुप्ता एवं नगर क्षेत्र के सम्मानित नागरिक और वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बारात नगर के मुख्य मार्गों से होकर निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया। पूरे आयोजन में भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।