12 जिलों की आर्मी भर्ती के लिए डीएम अविनाश सिंह ने की हाईलेवल समीक्षा बैठक ! सेना अफसरों व सभी जिम्मेदारों संग तमाम महत्त्वपूर्ण बिन्दुओं पर मातहतों को कलेक्टर के कड़े दिशा निर्देश
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। ग्यारह मार्च से लेकर तेईस मार्च तक यूपी के बरेली में जाट रेजीमेन्ट सेंटर पर प्रस्तावित अग्निवीर सेना भर्ती को लेकर डीएम अविनाश सिंह एक्शनमोड में हैं। आर्मी भर्ती के लिए बहराइच, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहाँपुर, पीलीभीत, सीतापुर, संभल, फर्रुखाबाद, हरदोई, बदायूँ, बरेली बारह जिलों के अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या अलग अलग तिथियों में बरेली में होगी। सभी व्यवस्थायें बेहतर से बेहतर हों। कहीं कोई चूक ना रहे, इसके लिए शुक्रवार में डीएम अविनाश सिंह ने हाई लेवल समीक्षा बैठक की। विभिन्न विभागों के अधिकारियों संग समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने तमाम अहम बिन्दुओं पे कड़े दिशा निर्देश दिए हैं। आईएएस अविनाश सिंह ने जिम्मेदारों से दो टूक कहा है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निर्विघ्न तथा पारदर्शी हो। हर हाल में निष्पक्ष माहौल में शांतिपूर्ण तरीके से भर्ती प्रक्रिया सम्पन्न कराना है। डीएम ने लोनिवि अधिशासी अभियंता को दो दिन में बैरिकेडिंग कार्य पूर्ण कराने, विद्युत विभाग को जनरेटर की सुविधा उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य विभाग को 108 एम्बुलेंस व चिकित्सकों की टीमें दवाओं सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। शैक्षिक प्रमाण पत्र सत्यापन में अभ्यर्थियों की सहायता के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने से लेकर आर्मी भर्ती का फ्लैक्स लगी हुई बसों की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एआरएम रोडवेज को निर्देशित किया है। फायर ब्रिगेड, नगर निगम आदि विभागों की जिम्मेदारी भी तय की गयी है। नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने मीटिंग में जानकारी दी कि नगर निगम प्रशासन ने बायो टॉयलेट, वाटरटैंक, सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगायी है। डस्टबीन, रैन बसेरों की सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। डीएम ने कहा है कि सभी अभ्यर्थी समय पर पहुंचें। दस्तावेज साथ लायें। अफवाहों एवं दलालों की जद से दूर रहें। समीक्षा बैठक में सेना भर्ती कार्यालय बरेली के निदेशक के अलावा एडीएम सिटी सौरभ दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा, एसपी ट्रेफिक मोहम्मद अकमल खान, सीएफओ मनु शर्मा, सीओ सिटी वन आशुतोष शिवम समेत सम्बंधित विभागों के जिम्मेदार मौजूद रहे।(जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।