ईद-उल-अज़हा से पूर्व डीएम-एसएसपी ने सहसवान में निकाला फ्लैग मार्च, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
बदायूं(जे०आई०न्यूज़) सहसवान बताते चलें आगामी ईद-उल-अज़हा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला अधिकारी अवनीश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने भारी पुलिस बल के साथ नगर में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च प्रमोद संस्कृत महाविद्यालय मैदान से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, विल्सनगंज चौराहा, तहसील मार्ग सहित नगर के प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरा।
फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने आमजन को स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने या शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से शासन की गाइडलाइन के अनुरूप ईद-उल-अज़हा का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को शासन के निर्देशों की अवहेलना करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
फ्लैग मार्च के दौरान रिपुदमन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी, उपनिरीक्षक तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के दौरान नगरवासियों ने प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत किया और शांति बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिलाया।