तेज रफ्तार बाइक ने ठेली को मारी जोरदार टक्कर, चालक गंभीर घायल; बाइक छोड़कर फरार हुए युवक
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) सहसवान कोतवाली क्षेत्र के चोई नगला पुल के पास शनिवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से ठेली चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक सवार दोनों युवक अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, अकरम पुत्र सुलेमान निवासी नसरुल्लागंज सहसवान अपनी ठेली लेकर दहगवां से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह चोई नगला पुल के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आ रही एक स्प्लेंडर बाइक ने उनकी ठेली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ठेली सवार अकरम ठेली सहित सड़क किनारे खन्दी में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद बाइक सवार दोनों युवक मौके पर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल युवक को उपचार के लिए एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई बाइक को कब्जे में लेकर फरार युवकों की तलाश शुरू कर दी है।