एबीवीपी नेताओं की बाइकों के चालान पर बवाल, पालिका अध्यक्ष पति ने पहुंचकर कराया मामला शांत
बरेली (जे.आई.न्यूज़/अजय रस्तोगी)। कस्बे के बाईपास चौराहे स्थित पिंक बूथ पर बाइक सवारों के चालान को लेकर रविवार शाम विवाद खड़ा हो गया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं की बाइक का चालान किए जाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। देखते ही देखते मौके पर भाजपा और एबीवीपी से जुड़े कई कार्यकर्ता जुट गए। बाद में पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि नीरेंद्र सिंह राठौर के पहुंचने और पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद मामला शांत हुआ।
बताया गया कि रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे एबीवीपी कार्यकर्ता अभिषेक गंगवार और पुष्पेंद्र गंगवार बाइक से बाजार सब्जी लेने जा रहे थे। इसी दौरान संगठन के जिला संयोजक सचिन गंगवार भी उनके साथ हो गए। आरोप है कि बाईपास स्थित पिंक बूथ पर तैनात उप निरीक्षक दिनकर ने बाइक रोककर फोटो खींचा और चालान की कार्रवाई शुरू कर दी। इस पर कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया, जिसके बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया।
सूचना मिलते ही भाजपा नगर अध्यक्ष केशव गुप्ता, सभासद रामप्रकाश गंगवार, गुड्डु गंगवार, अधिवक्ता उपेंद्र गंगवार समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए विरोध दर्ज कराया।
मामले की सूचना पर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि नीरेंद्र सिंह राठौर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई और मामले को लेकर आला अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही। इसके बाद कोतवाली से एसएसआई राजेश कुमार और उप निरीक्षक अभिषेक नागर भी मौके पर पहुंचे।
हंगामे के दौरान नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा। पुलिस की कार्रवाई और उसके बाद हुए विरोध को लेकर कस्बे में देर शाम तक चर्चा बनी रही।