एसडीएम से शिकायत के बाद भी गांव के अंदर खुली शराब भट्टी से भड़का जनाक्रोश
पीलीभीत (जे.आई.न्यूज़): जनपद के मरौरी विकास खंड के ग्राम दहगला में संचालित हो रही शराब भट्टी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें शराब भट्टी के संचालन से पूरी तरह आपत्ति नहीं है, लेकिन भट्टी का गांव के अंदर ही खुलना उनकी मुख्य चिंता का कारण बन गया है। उनका कहना है कि यदि यह भट्टी गांव से बाहर या थोड़ी दूरी पर स्थापित की जाती, तो उन्हें कोई विशेष आपत्ति नहीं होती।
ग्रामीणों के अनुसार, भट्टी के गांव के भीतर होने से बच्चों और युवाओं पर गलत असर पड़ सकता है, साथ ही गांव का सामाजिक माहौल भी प्रभावित होने की आशंका है। महिलाओं ने भी सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।
गौरतलब है कि भट्टी स्थापित होने से पहले ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की थी, जिस पर भट्टी न लगाए जाने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद उसी स्थान पर भट्टी संचालित कर दी गई, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।
अब ग्रामीणों ने जिलाधिकारी (DM) से शिकायत करने का फैसला लिया है और मांग की है कि भट्टी को गांव से बाहर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
पीलीभीत से जिला संवाददाता वीरेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट