मुरादाबाद मंडल और बरेली रेंज के जिम्मेदारों को एडीजी के खास निर्देश : वीसी के जरिये लॉ एंड ऑर्डर व क्राइम कंट्रोल को लेकर जोन प्रमुख ने दिखायी सख्ती ! डीजीपी के निर्देशों का हो सौ फीसदी अनुपालन: आईपीएस रमित शर्मा
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। यूपी के बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा ने गुरुवार को लॉ एंड ऑर्डर व क्राइम कंट्रोल समेत अन्य खास बिन्दुओं को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महत्वपूर्ण गोष्ठी की। मुरादाबाद मंडल के बिजनौर, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा के अलावा बरेली मंडल के पीलीभीत, बदायूँ, बरेली व शाहजहाँपुर जिलों के पुलिस कप्तानों के साथ ही डीआईजी मुरादाबाद रेंज मुनिराज गोबू तथा डीआईजी बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी को इस वीसी के माध्यम से महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश दिये हैं। संभल प्रकरण में आज गुरुवार को ही सीएम योगी को जांच रिपोर्ट जांच समिति ने सौंपी है, ऐसे में अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा की इस वीसी को काफी अहम माना जा रहा है। एडीजी रमित शर्मा ने सभी जिम्मेदारों को निर्देश दिए हैं कि बेहतर कानून व्यवस्था शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ऐसे में पूरी संवेदनशीलता व सक्रियता के साथ फील्ड अफसर अपनी जिम्मेदारी और भी सतर्कता से निभायें। आपराधिक घटनायें रोकने को ठोस रणनीति बनाकर काम करें। सक्रिय अपराधियों और पुरस्कार घोषित अपराधियों को हर हाल में सलाखों के पीछे किया जाए। साइबर अपराध, गैर साइबर अपराध, विवेचना पश्चात विवेचनाधिकारियों की ओर से आरोप पत्र, अन्तिम रिपोर्ट न्यायालयों में प्रेषित किये जाने विषयक पुलिस महानिदेशक के दिये गये निर्देशों का अनुपालन कराये जाने के जिम्मेदारों को निर्देश निर्गत किये हैं। एडीजी ने कहा है कि आने वाले त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने, क्राइम कण्ट्रोल करने, कानून व्यवस्था और सुदृढ़ बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास किये जायें। उन्होंने लंबित विवेचनाओं और घटनाओं का शीघ्र निस्तारण करने, वांछित, वारंटी अभियुक्तों की शत प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।