आईपीएस सुकीर्ति माधव की अगुवाई में पीलीभीत पुलिस ने प्रदेश में बढ़ाया मान
पीलीभीत (जे.आई.न्यूज़/अजय रस्तोगी): जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पीलीभीत पुलिस लगातार बेहतर कार्य कर रही है। शासन स्तर पर आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा में पीलीभीत पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, शिकायतकर्ताओं से बेहतर संवाद और प्रभावी कार्रवाई के चलते जिले की कार्यप्रणाली की सराहना की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के निर्देशन में जिले में आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो सके।
आईजीआरएस नोडल ऑफिसर अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया द्वारा लगातार शिकायतों की मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं आईजीआरएस प्रभारी उप-निरीक्षक दीपक कुमार की ओर से प्राप्त शिकायतों का नियमित परीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से समयबद्ध कार्रवाई कराई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क कर उन्हें कार्रवाई की जानकारी देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे आमजन में संतोष की भावना बढ़ी है।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने जिले की पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और पारदर्शी कार्यशैली ही पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी तरह बेहतर कार्य कर जनविश्वास को और मजबूत बनाया जाएगा।