बरेली पुलिस में बड़ा फेरबदल, कई थानों के इंस्पेक्टर बदले
बरेली (जे.आई.न्यूज़/अजय रस्तोगी):
जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों के प्रशासनिक समायोजन के तहत स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। जारी सूची के अनुसार विभिन्न थानों एवं शाखाओं में तैनात पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय को कोतवाली से साइबर थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि साइबर थाना प्रभारी के पद पर तैनात इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह को थाना भोजीपुरा का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं भोजीपुरा प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह को शहर कोतवाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह को थाना प्रभारी किला से थाना आंवला भेजा गया है। वहीं उपनिरीक्षक अचल कुमार को पुलिस लाइन से थाना किला की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
शीशगढ़ में इंस्पेक्टर क्राइम के पद पर तैनात राजकुमार सिंह को फतेहगंज पूर्वी की कमान सौंपी गई है, जबकि निरीक्षक संतोष कुमार को फतेहगंज पूर्वी से हटाकर हाफिजगंज का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
इसके अतिरिक्त निरीक्षक प्रवीण कुमार सोलंकी को थाना हाफिजगंज से हटाकर शिकायत प्रकोष्ठ/आईजीआरएस का प्रभारी बनाया गया है। निरीक्षक रवि कुमार को शिकायत प्रकोष्ठ/आईजीआरएस से मीरगंज का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं निरीक्षक संजय तोमर को मीरगंज से सर्विलांस सेल का प्रभारी बनाया गया है।
उपनिरीक्षक प्रयागराज सिंह को थाना प्रभारी फतेहगंज पश्चिमी के पद से हटाकर थाना बहेड़ी में वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) के पद पर तैनाती दी गई है।
पुलिस विभाग के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकता एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। सूत्रों की मानें तो अगली सूची में भी कई अन्य इंस्पेक्टरों की थानेदारी पर असर पड़ सकता है।