एक्शन मोड में एसएसपी अनुराग आर्य! दरोगा सुनील कुमार पर गिरी निलंबन की गाज
बरेली (जे.आई. न्यूज़/अजय रस्तोगी)
जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने थाना नवाबगंज क्षेत्र में तैनात चौकी प्रभारी दरोगा सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दरोगा पर एक महिला से कथित रूप से अश्लील बातचीत करने का आरोप है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने विभागीय जांच के निर्देश भी जारी किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला का एक युवक से संबंध था और दोनों के बीच विवाह को लेकर बातचीत चल रही थी। आरोप है कि युवक द्वारा शादी से इंकार किए जाने के बाद महिला ने थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन बाद में उसे बिना किसी ठोस कानूनी कार्रवाई के छोड़ दिया गया।
महिला ने आरोप लगाया है कि इस मामले में कथित रूप से आर्थिक लेन-देन हुआ। साथ ही, विरोध करने पर संबंधित दरोगा द्वारा फोन पर उससे अश्लील बातचीत की गई। महिला का दावा है कि उसने इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखी है।
हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित दरोगा के कार्यशैली को लेकर पूर्व में भी शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि, इन बिंदुओं की भी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
एसएसपी अनुराग आर्य की इस कार्रवाई के बाद पीड़ित पक्ष में न्याय की उम्मीद जगी है। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टिगेशन न्यूज़)