बदायूं में अवैध मेडिकल स्टोर पर छापा, ₹50 हजार की दवाएं सील
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) बताते चलें औषधि विभाग ने अवैध एलोपैथिक दवा बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गोपनीय सूचना के आधार पर औषधि निरीक्षक ने पुलिस बल के साथ कादरचौक थाना क्षेत्र के जौरी नगला गांव में छापेमारी की।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन को सूचना से अवगत कराने के बाद 19 अगस्त को औषधि निरीक्षक लवकुश प्रसाद ने पुलिस बल के साथ ग्राम जौरी नगला में संचालित एक अवैध एलोपैथिक औषधि विक्रय प्रतिष्ठान पर छापा मारा।
विभाग के मुताबिक यह प्रतिष्ठान धीरेन्द्र पुत्र देव दत्त सिंह द्वारा संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मौके से दो संदिग्ध एलोपैथिक औषधियों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं, जिन्हें राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है।
वहीं, प्रतिष्ठान में मौजूद बाकी एलोपैथिक दवाओं को मौके पर ही सील कर दिया गया। सील की गई दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
औषधि विभाग के अनुसार दोनों नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद विवेचना पूरी कर संबंधित धाराओं में सक्षम न्यायालय में मुकदमा दायर किया जाएगा। कार्रवाई औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 और नियमावली 1945 के तहत की जा रही है।