खेत की मेड़ और पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद, सीओ से शिकायत
परिवार को धमकाने और प्रताड़ित करने का आरोप, करीब 200–250 लिप्टिस के पेड़ काटने की कही बात
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) सहसवान जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव बागवाला निवासी रहमत अली ने जमीन संबंधी विवाद को लेकर अपने चचेरे भाइयों पर परिवार को लगातार परेशान और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी सहसवान को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमीन के विवाद को लेकर विपक्षी आए दिन उसके परिवार को धमकाते हैं और शिकायत करने पर झगड़े व फसाद पर आमादा हो जाते हैं। प्रार्थना पत्र में खेत की मेड़ को नुकसान पहुंचाने और मेड़ पर लगे करीब 200 से 250 लिप्टिस के पेड़ काटे जाने का भी आरोप लगाया गया है।
रहमत अली का कहना है कि विवाद के संबंध में शिकायत किए जाने के बावजूद उसे और उसके परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा है। उसने स्थानीय स्तर पर उचित सुनवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता ने सीओ सहसवान से मामले की जांच कराकर आरोपों की सत्यता की पड़ताल कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा और खेत व पेड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई है।