ऑपरेशन प्रहार में एसएसपी अजय गणपति खुद उतरे सड़कों पर
ऊधम सिंह नगर (जे.आई.न्यूज़/अजय रस्तोगी): जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने शनिवार सांयकाल रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र, मुख्य बाजार, रम्पुरा एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च किया।
इस दौरान एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं उत्तराखण्ड सरकार की ईंधन बचत मुहिम को आगे बढ़ाते हुए पुलिस विभाग पैदल गश्त को बढ़ावा दे रहा है, जिससे ईंधन की बचत के साथ-साथ जनता के बीच पुलिस की मौजूदगी भी अधिक प्रभावी तरीके से महसूस हो रही है।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों, उपद्रवियों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी। बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार सक्रिय है और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अभियान के दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए इसे सुरक्षा व्यवस्था के लिए सकारात्मक पहल बताया।