वीसी में बॉस का एक्शन : 7 लापरवाह खाकी वालों पर डीजीपी राजीव कृष्ण की बड़ी कार्रवाई ! गोरखपुर व वाराणसी समेत 5 थानेदार लाइन हाजिर, दो सीओ डिपार्टमेंटल इंक्वायरी के घेरे में ! यूपी पुलिस कप्तान के हंटर से हिला महकमा
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। यूपी डीजीपी राजीव कृष्ण ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई कर दी। लापरवाह 7 वर्दी वालों पर एक्शन हंटर चला दिया है। डीजीपी ने साफ-साफ मैसेज दिया है कि काम नहीं तो कुर्सी महफूज नहीं। पांच थानेदार लाइन हाजिर हुए हैं। दो सीओ की प्रारंभिक जांच शुरू करा दी है। जेडएफडी योजना का धरातल पर प्रभावी अनुपालन न होने के चलते ये कार्रवाई हुई है। सिग्नेचर बिल्डिंग लखनऊ में उच्च स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस प्रमुख ने क्राइम कण्ट्रोल, लॉ एंड ऑर्डर, जेडएफडी समेत कई बिन्दुओं की समीक्षा की। आगामी पर्वों, आयोजनों की पूर्व तैयारियों के साथ साथ आयोजकों से समन्वय एवं पुलिस प्रबन्ध की समीक्षा हुई। जेडएफडी योजना के तहत सड़क दुर्घटनाओं में अपेक्षित सुधार करने में फेल वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के चोलापुर एसएचओ दीपक कुमार, एसएचओ कैम्पियरगंज गोरखपुर जितेन्द्र सिंह, एसएचओ छिबरामऊ कन्नौज विष्णुकान्त तिवारी, एसएचओ रामसनेही घाट बाराबंकी जगदीश प्रसाद शुक्ला, एसएचओ सिकरारा जौनपुर उदय प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के डीजीपी ने निर्देश दिये हैं। सीओ ट्रेफिक बाराबंकी आलोक कुमार पाठक एवं सीओ ट्रेफिक जौनपुर गिरेन्द्र कुमार सिंह के विरुद्ध प्रारम्भिक जाँच के आदेश दिये हैं।आईजीआरएस निस्तारण, सामान्य जन शिकायत निस्तारण, मीडिया समन्वय, जेडएफडी सी-आरटीसी योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, ई-साक्ष्य के सुदृढ़ क्रियान्वयन, यक्ष एप के तहत प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया है। सभी फील्ड अफसरों संग ऑनलाइन अपराध समीक्षा बैठक में डीजीपी राजीव कृष्ण ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जनसुनवाई में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। अभी भी कुछ थाना, चौकियों पर प्रभावी जनसुनवाई नहीं हो रही है, तत्काल प्रभाव से इसमें सुधार व असरदार अनुपालन की जरूरत है। डीजीपी ने कहा है कि ऐसे थाना, चौकी जहां जनसुनवाई प्रभावी रूप से नहीं हो पा रही है, वहां व्यक्तिगत तौर पे पुलिस कप्तान समीक्षा कर कार्रवाई करें। पुलिस महानिदेशक ने यूपी पुलिस की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए हैं कि धरातल पर अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। कुछ जगहों पर बढ़ते अपराधों को लेकर डीजीपी ने कहा है कि हर हाल में क्राइम कंट्रोल करें। मीडिया समन्वय विषय पर चर्चा करते हुए डीजीपी बोले कि प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल मीडिया को विभिन्न घटनाओं में समय रहते ब्रीफ किया जाए।(जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।