मुंबई में बदायूं का डंका, एसवीएच समूह को मिला ‘भारत के 100
सर्वश्रेष्ठ संस्थान’ सम्मान
प्रेरक वक्ता सोनू शर्मा ने एसवीएच समूह के निदेशक दिनेश कुमार सिंह यादव व प्रबंध निदेशक ईशा मल्होत्रा को किया सम्मानित
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) शिक्षा और आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण के क्षेत्र में जनपद बदायूं ने मुंबई में अपनी पहचान दर्ज कराई है। शिक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, कौशल विकास, कंप्यूटर शिक्षा और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए एसवीएच समूह, बदायूं को ‘भारत के 100 सर्वश्रेष्ठ संस्थान’ सम्मान से नवाजा गया।
मुंबई के अंधेरी स्थित प्रसिद्ध कोहिनूर कॉन्टिनेंटल होटल में हैलो डिजिटल इंडिया एवं डीआईआरटीपी इंडिया द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में देश के प्रसिद्ध प्रेरक वक्ता सोनू शर्मा ने एसवीएच समूह के निदेशक दिनेश कुमार सिंह यादव और प्रबंध निदेशक ईशा मल्होत्रा को सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर एसवीएच प्रौद्योगिकी संस्थान एवं एसवीएच जनसंचार संस्थान, ब्रज कुटीर, सिविल लाइंस, बदायूं को ‘शिक्षा में उत्कृष्टता सम्मान-2026’ के तहत स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र एवं उपलब्धि सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में हैलो डिजिटल इंडिया एवं डीआईआरटीपी के निदेशक अमजद सेठ, प्रेरक वक्ता शशिश कुमार तिवारी सहित 16 राज्यों से आए प्रतिभागी मौजूद रहे। आयोजकों ने एसवीएच समूह द्वारा पिछले 14 वर्षों से शिक्षा, कौशल विकास और आधुनिक तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
संस्थान की ओर से वर्तमान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग, डेटा एनालिसिस, साइबर सिक्योरिटी और एडवांस कंप्यूटर एजुकेशन जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद निदेशक दिनेश सिंह यादव ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में सफल करियर छोड़कर उन्होंने छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने का संकल्प लिया था। उनके अनुसार, अब तक 400 से अधिक विद्यार्थियों का विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयन हो चुका है।
उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीक, विशेषकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता का ज्ञान हासिल कर आत्मनिर्भर बनने और दूसरों को रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
वहीं मुख्य अतिथि सोनू शर्मा ने कहा कि एक उपलब्धि हासिल कर लेना सफलता का अंतिम पड़ाव नहीं है, बल्कि व्यक्ति को अपने ज्ञान और अनुभव का लाभ लगातार समाज को देते रहना चाहिए।
मुंबई में मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से बदायूं के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है और एसवीएच समूह की उपलब्धि को जिले के लिए गौरव की बात बताया जा रहा है।