योगी सरकार ने किये बम्पर आईपीएस तबादले ! अयोध्या, मेरठ, महाराजगंज, बहराइच में नये चेहरों को मिली कमान ! अजय साहनी को गोण्डा रेंज की अतिरिक्त कमान सौंपी गयी ! मुख्यमंत्री योगी ने बरेली बवाल में बेहतर पुलिसिंग करने वाले मानुष पारीक, अंशिका वर्मा को दी कप्तानी की सौगात ! एसके भगत बने एडीजी कानपुर जोन
लखनऊ (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज/बुरा ना मानो होली है)। योगी सरकार ने मंगलवार शाम उत्तर प्रदेश में बम्पर तबादला एक्सप्रेस दौड़ा दी है। बड़े पैमाने पर आईपीएस अफसरों के ट्रांसफर किये गए हैं। होली सम्पन्न होने के बाद 6 मार्च को सभी अफसर नवीन तैनाती पर जायेंगे। होली संवाददाता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली बवाल के दौरान बेहतर पुलिसिंग करने वाले एसपी सिटी मानुष पारीक व एसपी सॉउथ अंशिका वर्मा को भी जिलों की कमान सौंपी है। मानुष पारीक को एसपी बहराइच, अंशिका वर्मा को महाराजगंज एसपी बनाया गया है। खास बात ये है कि सीएम योगी ने यूपी में विशेष चयन कमेटी बना दी है। पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार, पूर्व डीजी फायर सर्विस अविनाश चंद्र और डीजी जेल पीसी मीना को कमेटी में शामिल किया है। अब आईपीएस अफसरों की पोस्टिंग से पहले ये कमेटी अपनी रिपोर्ट सीएम योगी, डीजीपी राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव गृह को देगी। आज से ही प्रशांत कुमार, अविनाश चंद्र, पीसी मीना ने अपना काम भी शुरू कर दिया है। चयन कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही जारी ट्रांसफर सूची के तहत एडीजी क्राइम लखनऊ एसके भगत को एडीजी कानपुर जोन नियुक्त किया है। आलोक सिंह अब गोरखपुर जोन के नये एडीजी बने हैं। एसएसपी अयोध्या डॉ गौरव ग्रोवर को एसएसपी मेरठ बनाया गया है। अविनाश पाण्डेय को एसएसपी अयोध्या बनाकर भेजा गया है। आईजी गोण्डा अमित पाठक के लंबी छुट्टी पर जाने के कारण डीआईजी बरेली रेंज अजय साहनी को गोण्डा परिक्षेत्र की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गयी है। एडीजी गोरखपुर जोन अशोक मुथा जैन को पुलिस मुख्यालय बुला लिया गया है। अभी कई और नामों पर जोरदार मंथन चल रहा है। कई जिलों के कप्तानों की कुर्सी पर संकट का बादल छाया हुआ है। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।