राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा, गौवंश संरक्षण पर फूटा आक्रोश
नवाबगंज, बरेली:
क्षेत्र में गौवंश की बदहाल स्थिति को लेकर सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं, गौ-सेवकों और स्थानीय नागरिकों ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरू सागर के नेतृत्व में तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह को राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक सामूहिक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से गौवंश संरक्षण से जुड़ी गंभीर समस्याओं को उठाते हुए प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा घूम रहे गोवंश को न पर्याप्त पानी मिल रहा है और न ही उनके रहने की समुचित व्यवस्था है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
नीरू सागर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख मांगों के रूप में गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने, सार्वजनिक स्थानों पर पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने, आवारा पशुओं के लिए पर्याप्त गौशालाओं के निर्माण एवं संचालन, तथा गौ-तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
इसके साथ ही गौशालाओं में पारदर्शिता लाने के लिए गौ-रक्षकों और समाजसेवियों को प्रवेश की अनुमति देने की बात भी प्रमुखता से उठाई गई।
इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरू सागर, सभासद विजय दिवाकर, समाजसेविका क्रांति गंगवार, गुड्डू, ओमपाल कश्यप, आलोक, सनी, कृष्णा, ज्योति कश्यप, वीरेन्द्र ठाकुर, अमर पाल, मोजिद, हरीश और राकेश कश्यप समेत बड़ी संख्या में गौ-रक्षक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे, जिन्होंने ''गौवंश बचाओ – देश बचाओ'' के नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज़)