पुरानी रंजिश में दो पक्षों में जमकर मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
बरेली (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज़): जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र के कस्बा स्थित मोहल्ला कहारान में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग चोटिल हो गए।
घटना के बाद दोनों पक्ष नवाबगंज थाने पहुंचे और अपनी-अपनी तहरीर दी। एक पक्ष की महिला ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके और उसके बच्चों के साथ मारपीट की, साथ ही छेड़छाड़ और नाबालिग बच्ची के साथ अभद्र हरकतें भी कीं। वहीं दूसरे पक्ष ने भी महिला समेत कई लोगों पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है।
महिला का यह भी आरोप है कि जब वह तहरीर लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने उसे टाल दिया और अभद्र व्यवहार किया। हालांकि, जब मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नवाबगंज पुलिस हरकत में आई और देर रात दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।
महिला ने पुलिस पर यह भी आरोप लगाया कि वीडियो वायरल होने के बाद उसे थाने बुलाकर एक दारोगा द्वारा तहरीर बदलने का दबाव बनाया गया, लेकिन उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया और उच्च अधिकारियों के निर्देश पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।