जोड़ी नम्बर वन : यूपी की बेटी होंगी राजस्थान की बहू ! मार्च माह के अंत में आपकी लेडी सिंघम बन जायेंगी दुल्हन ! आईपीएस अंशिका वर्मा बाड़मेर में कृष्ण विश्नोई संग लेंगी सात फेरे
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। कहते हैं न कि जोड़ी तो रब ही बनाता है। ऐसी ही चर्चित जोड़ी इसी महीने इक दूजे की होने जा रही है। एक ने बरेली के उपद्रवियों को सबक सिखाया तो दूसरे ने संभल के बवालियों को। जी हाँ, हम बात कर रहे हैं यूपी पुलिस की लेडी सिंघम अंशिका वर्मा और सिंघम केके विश्नोई की। यूपी के प्रयागराज की निवासी अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस हैं। बाड़मेर राजस्थान निवासी कृष्ण कुमार विश्नोई यानी केके विश्नोई 2018 बैच के आईपीएस हैं। मार्च महीने के अंत में ये आईपीएस जोड़ी सात फेरे लेकर शादी के पवित्र बंधन में बंधने जा रही है। राजस्थान के बाड़मेर जनपद में 28 मार्च से लेकर 30 मार्च तक आयोजित होने वाले भव्य समारोह में तमाम मेहमान, मित्र, अतिथि नामचीन जोड़ी के विवाह प्रोग्राम के साक्षी बनेंगे। देशभर में तैनात तमाम आईएएस, आईपीएस अफसरान ही नहीं बल्कि यूपी व राजस्थान के चर्चित चेहरे आलीशान कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। आईपीएस अंशिका वर्मा बरेली जनपद की एसपी सॉउथ हैं। अंशिका वर्मा ने आगरा, गोरखपुर के बाद बरेली में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जमकर कार्रवाई की है। बरेली उपद्रव के दौरान एसएसपी अनुराग आर्य की अगुवाई में एसपी सिटी मानुष पारीक संग अंशिका वर्मा ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज कर कानून व्यवस्था संभालने में सक्रियता दिखायी। कृष्ण कुमार विश्नोई जनपद संभल के पुलिस कप्तान हैं। आयेदिन उपद्रव के लिए चर्चित संभल के बवालियों, दंगाईयों की कमर तोड़ने के लिए विश्नोई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी चर्चा में हैं। अभी होली कार्यक्रम के दौरान इस जोड़ी का डांस मीडिया सुर्खियों में बना रहा। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।