अतिसंवेदनशील ककोड़ा मेला की सुरक्षा व्यवस्था का एडीजी रमित शर्मा ने लिया जायजा ! स्थलीय समीक्षा कर अफसरों को कड़े निर्देश दिए जोन प्रमुख ने ! ड्रोन कैमरों से समूचे मेला क्षेत्र की निगरानी के निर्देश
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। अति संवेदनशील ककोड़ा मेले की सुरक्षा व्यवस्था का शनिवार को एडीजी जोन ने जायजा लिया। यूपी के बदायूँ जनपद में आयोजित होने वाले ककोड़ा मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। गंगा घाटों पर पहुंच श्रद्धालु स्नान करते हैं। एसएसपी बदायूँ डॉ ब्रजेश सिंह संग एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा आज मेला स्थल पहुंचे। जोन पुलिस प्रमुख ने ककोड़ा मेला की तैयारियों की स्थलीय समीक्षा की। मेला क्षेत्र का भ्रमण कर जनपद पुलिस की सभी तैयारियाँ परखीं। बदायूँ के कादरचौक थाना अंतर्गत ककोड़ा मेला स्थल निरीक्षण के दौरान एडीजी ने गंगा घाटों, पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन व्यवस्था, कंट्रोल रूम का अवलोकन किया। पुलिस प्रबन्ध के बारे में कप्तान से जानकारी ली। मेले की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत बने कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए एडीजी बोले कि सीसीटीवी कैमरों से तो सतर्क निगरानी की ही जाये, साथ साथ ड्रोन कैमरों से भी संपूर्ण मेला क्षेत्र की निगरानी हो। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा चाक चौबंद हो। पर्याप्त लेडी फोर्स मेले में मुस्तैद रहे। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की कड़ी निगरानी हो। सुरक्षा व्यवस्था व लॉ एंड ऑर्डर प्रभावित करने की कुत्सित चेष्टा करने या फिर अशांति, अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करने वाले खुराफातियों के खिलाफ तत्काल कठोर एक्शन हो। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं को स्नान में कोई असुविधा न हो। गहरे पानी की बैरीकैडिंग की जाये। बेहतर यातायात व्यवस्था के बाबत भी कप्तान डॉ ब्रजेश सिंह, एसपी सिटी विजयेन्द्र द्विवेदी को जोन प्रमुख रमित शर्मा ने कड़े निर्देश दिए हैं। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।