नमस्कार हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91-8273618080 , हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें | अन्य शहरों की ख़बरें देने के लिए एवं रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क कर सकते है मोबाइल नंबर : +91-8273618080

बरेली में ‘बीमार’ स्वास्थ्य व्यवस्था! CMO की रेड में खुली अस्पतालों की पोल

बिना अनुमति संचालन, बायोमेडिकल वेस्ट और आयुष्मान योजना में गड़बड़ी

 facebook     whatsapp    

बरेली (जे.आई.न्यूज़): जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति उस समय उजागर हो गई, जब मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान अल हिंद अस्पताल बिना वैध पंजीकरण के नए स्थान पर संचालित होता पाया गया। अस्पताल प्रबंधन ने पुराने भवन से नए स्थान पर स्थानांतरण के लिए आवश्यक अनुमति भी नहीं ली थी। इस पर टीम ने मौके पर स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर सीएमओ ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया।

वहीं, आला हजरत अस्पताल एंड सर्जिकल सेंटर में भी कई गंभीर खामियां उजागर हुईं। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई, जबकि बायोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।

इसके अलावा, आयुष्मान भारत योजना के तहत भर्ती मरीजों की जांच में भी गड़बड़ियां सामने आईं। निरीक्षण के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया, जिसमें एक मरीज को ICU में भर्ती किया गया, जबकि उसकी स्थिति ICU के मानकों के अनुरूप नहीं थी। इससे योजना के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।

अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट का सही तरीके से पृथक्करण (सेग्रिगेशन) भी नहीं किया जा रहा था, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।

इन सभी अनियमितताओं पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दोनों अस्पतालों को चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिला और जल्द सुधार नहीं किया गया, तो संबंधित अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी दोहराया कि मरीजों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

whatsapp whatsapp