आईपीएस वीके मौर्य हुए सेवानिवृत्त : डीजीपी राजीव कृष्ण समेत यूपी पुलिस ने दी विदाई ! डीजी पीयूष आनंद, डीजी आलोक शर्मा समेत सीनियर अफसर हुए डीजी होमगार्ड्स के विदाई समारोह में शामिल ! कई संवेदनशील जिलों की पुलिस कप्तानी कर चुके हैं विजय कुमार मौर्य
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। यूपी के कई संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहकर लॉ एंड ऑर्डर व क्राइम कंट्रोल की दिशा में बेहतर काम कर चुके योगी सरकार के डीजी होमगार्ड्स विजय कुमार मौर्य गुरुवार को सेवानिवृत्त हो गए। पुलिस मुख्यालय सिग्नेचर बिल्डिंग लखनऊ में आयोजित विदाई समारोह में डीजीपी राजीव कृष्ण ने महानिदेशक होमगार्ड्स को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में डीजी एनडीआरएफ पीयूष आनंद, डीजी ट्रेनिंग तिलोत्तमा वर्मा, डीजी एनएसजी आलोक शर्मा, एडीजी साइबर क्राइम विनोद कुमार सिंह, एडीजी प्रशासन प्रशांत कुमार ने डीजी विजय कुमार मौर्य के सेवाकाल सम्बन्धी विभिन्न संस्मरण साझा किये। सभी सीनियर अफसरों ने मौर्य के व्यक्तित्व, सराहनीय कार्यों का जिक्र किया। आईजी होमगार्ड्स धर्मवीर यादव ने मौर्य के कार्यों को खूब सराहा। कहा कि होमगार्ड विभाग में मौर्य के रहते आमूलचूल परिवर्तन हुए। उन्होंने पूरे होमगार्ड विभाग का डिजिटलीकरण कराया। होमगार्डों की डियूटी, उपस्थिति के साथ ही वेतन एवं व्यक्तिगत विवरण के अलावा प्रत्येक अभिलेख ऑनलाइन कराने के साथ साथ समस्त कार्य पूर्ण पारदर्शिता से सम्पादित कराये। होमगार्डों के प्रशिक्षण की दशा में सुधार, प्रशिक्षण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने, नये प्रशिक्षण केन्द्र खुलवाने, होमगार्डों को प्रत्येक वर्ष वर्दी भत्ता दिलवाने, पूरे प्रदेश में जहां भी होमगार्डों के लिये कार्यालय की व्यवस्था नहीं थी, वहां कार्यालय की व्यवस्था कराने, पुराने कार्यालयों का रिनोवेशन कराने जैसे हितकारी कार्य अंजाम तक पहुंचाने में उल्लेखनीय कदम उठाये। अनमिक पदक, पुलिस पदक, राष्ट्रपति पुलिस पदक, डीजी प्रशंसा चिन्ह सिल्वर, डीजी प्रशंसा चिन्ह गोल्ड, डीजी प्रशंसा चिन्ह प्लेटिनम व अति उत्कृष्ट सेवा पदक हासिल करने वाले डीजी मौर्य अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, आगरा, गोरखपुर, बरेली, फैजाबाद जिलों के पुलिस कप्तान समेत उत्तर प्रदेश पुलिस में विभिन्न जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।